नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में टीम इंडिया जब मेहमान के तौर पर अफगानिस्तान के खिलाफ पहले टी20 इंटरनेशनल मैच में उतरी तो सभी दर्शकों की निगाहें इस बात पर थी कि प्लेइंग इलेवन में कौन होगा? बड़े स्क्रीन पर जैसे ही भारतीय खिलाड़ियों के नाम आए तो सभी हैरान थे, क्योंकि उसमें बाएं हाथ के ओपनर वैभव सूर्यवंशी का नाम शामिल था। भारी संख्या में फैंस उनके नाम की जर्सी पहने स्टेडियम पहुंचे थे, लेकिन जब उनका फेवरिट प्लेयर मैदान पर नहीं दिखा तो सभी थोड़े नाखुश भी हुए। उन्हें प्लेइंग इलेवन में क्यों नहीं चुना गया? इसके पीछे के 3 कारण हैं, उनके बारे में आप जान लीजिए।
पहला कारण
टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन पर आप गौर करेंगे तो आप देखेंगे कि अगर इस प्लेइंग इलेवन में वैभव सूर्यवंशी को फिट कर दिया जाए तो फिर टॉप 9 बल्लेबाजों में आपको सात लेफ्टी नजर आते, लेकिन संजू सैमसन के प्लेइंग इलेवन में आने से टॉप 4 में ही दो राइटी और दो लेफ्टी हो गए हैं। इसके बाद तिलक वर्मा लेफ्टी और फिर नितीश कुमार रेड्डी राइटी हैं। इस तरह कॉम्बिनेशन सेट है, क्योंकि बाद के 3 बल्लेबाज फिर से लेफ्टी हैं।
दूसरा कारण
वैभव सूर्यवंशी 11 सितंबर को नई दिल्ली पहुंचे थे, जबकि भारतीय टीम 10 सितंबर से ही वहां प्रैक्टिस कर रही थी। 11 सितंबर को भारतीय टीम का नेट सेशन शुरू हुआ तो वे भी नेट्स में नजर आए। वे तेज गेंदबाजों के खिलाफ फंसते नजर आए। हालांकि, स्पिनरों की खूब धुनाई उन्होंने प्रैक्टिस के दौरान की थी। एकाध कैच भी फील्डिंग के दौरान उन्होंने छोड़ा था। हालांकि, 12 सितंबर को वे फिर से नेट्स में दिखे, लेकिन यह वैकल्पिक सेशन भारत के लिए था, जिसमें उन्होंने थ्रोडाउन्स लिए और दिल्ली के लोकल गेंदबाजों के खिलाफ बल्लेबाजी की और थोड़े रंग में भी दिखे थे, लेकिन मैनेजमेंट की नजरों में शायद देर हो चुकी थी।
तीसरा कारण
वैभव सूर्यवंशी के 3 मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज के पहले मैच में नहीं खेलने के पीछे की वजह यह भी हो सकती है कि वह हाल ही में रेड बॉल क्रिकेट के कुछ मैच दलीप ट्रॉफी में खेलकर आए हैं। 10 सितंबर तक वे ईस्ट जोन के साथ थे। ऐसे में शायद वह व्हाइट बॉल में इतनी जल्दी शिफ्ट खुद को नहीं कर पाए और उन्हें प्लेइंग इलेवन से बाहर बैठना पड़ा। ऐसे में अब संजू सैमसन और दूसरे ओपनर अभिषेक शर्मा पर काफी दबाव रन बनाने का होगा।
