नाइजीरिया में कच्चे तेल की चोरी पड़ी जान पर भारी: ओक्रिफा में पाइपलाइन से जहरीली गैस लीक, 37 लोगों की मौत
अफ्रीकी : देश नाइजीरिया में कच्चे तेल यानी ‘काले सोने’ की चोरी करने की कोशिश 37 लोगों की जिंदगी पर भारी पड़ गई। क्रूड ऑयल पाइपलाइन में अवैध तरीके से सेंध लगाकर तेल निकालने पहुंचे लोगों की जहरीली गैस लीक होने से मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
घटना दक्षिणी नाइजीरिया के ओक्रिफा इलाके की बताई जा रही है, जहां स्थानीय लोगों का एक समूह तेल पाइपलाइन को टैप कर उससे कच्चा तेल निकालने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान पाइपलाइन से जहरीली गैस का रिसाव हुआ और कई लोग इसकी चपेट में आ गए।
पाइपलाइन में सेंध लगाकर चोरी की कोशिश
रिपोर्ट्स के अनुसार, कुछ लोग नाइजीरिया के नाइजर डेल्टा क्षेत्र में स्थित तेल पाइपलाइन से क्रूड ऑयल चोरी करने की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने पाइपलाइन में छेद कर तेल को दूसरी दिशा में मोड़ने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि पाइपलाइन से निकलने वाली गैस बेहद जहरीली थी। अचानक हुए रिसाव के कारण वहां मौजूद लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और कई लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
मौत का आंकड़ा बढ़ने की आशंका
स्थानीय मानवाधिकार संगठन यूथ्स एंड एनवायरनमेंटल एडवोकेसी सेंटर नाइजीरिया ने दावा किया है कि इस हादसे में कम से कम 37 लोगों की मौत हुई है। संगठन का कहना है कि कुछ लोग अभी भी लापता हैं, ऐसे में मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। हालांकि स्थानीय प्रशासन की ओर से आधिकारिक रूप से मृतकों की संख्या को लेकर विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नाइजर डेल्टा में पहले भी हो चुके हैं हादसे
नाइजीरिया का नाइजर डेल्टा क्षेत्र कच्चे तेल के बड़े भंडार के लिए जाना जाता है। यहां लंबे समय से तेल चोरी और अवैध रिफाइनरी की समस्या बनी हुई है। पाइपलाइन में अवैध छेड़छाड़ के कारण पहले भी कई बार आग लगने और जहरीली गैस फैलने जैसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
गरीबी और बेरोजगारी से जुड़ी समस्या
विशेषज्ञों का कहना है कि तेल संपन्न होने के बावजूद नाइजर डेल्टा क्षेत्र के कई इलाकों में गरीबी और बेरोजगारी बड़ी समस्या है। इसी कारण कुछ लोग जोखिम उठाकर अवैध तेल चोरी के काम में शामिल हो जाते हैं।
मानवाधिकार संगठनों का कहना है कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और सुरक्षित आजीविका के अवसर बढ़ाने की जरूरत है।
क्रूड ऑयल चोरी से पर्यावरण को नुकसान
तेल पाइपलाइन में सेंधमारी सिर्फ जानलेवा नहीं होती बल्कि इससे पर्यावरण को भी भारी नुकसान पहुंचता है। पाइपलाइन टूटने से तेल जमीन और पानी में फैल जाता है, जिससे आसपास के इलाकों में प्रदूषण बढ़ता है। नाइजर डेल्टा क्षेत्र में तेल रिसाव के कारण पर्यावरणीय संकट पहले भी चिंता का विषय रहा है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस घटना के बाद तेल पाइपलाइनों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। इतने संवेदनशील क्षेत्र में अवैध तरीके से पाइपलाइन तक पहुंचना सुरक्षा व्यवस्था की बड़ी कमजोरी को दर्शाता है। प्रशासन अब यह पता लगाने में जुटा है कि इस चोरी के पीछे कौन लोग थे और उन्हें किस तरह पाइपलाइन तक पहुंच मिली।
कच्चे तेल की चोरी का बढ़ता खतरा
दुनिया भर में क्रूड ऑयल को बेहद मूल्यवान संसाधन माना जाता है। इसकी कीमतों में उतार-चढ़ाव के बीच कई जगहों पर तेल चोरी की घटनाएं सामने आती रहती हैं। हालांकि ऐसी चोरी करने वाले लोग अक्सर अपनी जान जोखिम में डालते हैं, क्योंकि तेल पाइपलाइन में दबाव, गैस रिसाव और आग लगने का खतरा बना रहता है।
