दिल्ली-एनसीआर में भारी बारिश से बेहाल जनजीवन: IGI एयरपोर्ट पर भरा पानी, 9 उड़ानों का मार्ग बदला; 7.8% जीडीपी को लेकर राजनीतिक तंज
दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार को हुई भारी बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। राजधानी के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (IGI) पर भी पानी भरने की खबर सामने आई, जिसके बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके ने एयरपोर्ट पर जलभराव को लेकर सरकार पर तंज कसा है। उन्होंने हाल में जारी हुए देश की जीडीपी वृद्धि दर के आंकड़ों का जिक्र करते हुए सोशल मीडिया पर टिप्पणी की।
अभिजीत दीपके ने न्यूज एजेंसी एएनआई के एक वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, “7.8 फीसदी ग्रोथ।” इस वीडियो में दिल्ली एयरपोर्ट परिसर में पानी जमा दिखाई दे रहा था और यात्री वहां मौजूद नजर आ रहे थे। दरअसल, हाल ही में अप्रैल-जून तिमाही के लिए भारत की आर्थिक विकास दर के आंकड़े जारी हुए थे, जिसमें जीडीपी ग्रोथ 7.8 फीसदी दर्ज की गई थी। सरकार ने इसे अर्थव्यवस्था के लिए सकारात्मक संकेत बताया है, जबकि विपक्षी दलों ने अलग-अलग मुद्दों को लेकर इन आंकड़ों पर सवाल उठाए हैं।
वहीं, शुक्रवार को हुई तेज बारिश के कारण दिल्ली के कई हिस्सों में जलभराव देखने को मिला। खराब मौसम का असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ा। जानकारी के मुताबिक, दिल्ली एयरपोर्ट से कम से कम नौ उड़ानों का मार्ग बदलना पड़ा। अधिकारियों के अनुसार, दोपहर करीब 3:30 बजे से 4:30 बजे के बीच चार उड़ानों को जयपुर, चार उड़ानों को लखनऊ और एक उड़ान को अहमदाबाद डायवर्ट किया गया। बारिश और खराब मौसम के कारण यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई जगह यातायात प्रभावित हुआ और लोगों को जलभराव के बीच आवाजाही करनी पड़ी।
दिल्ली में भारी बारिश को देखते हुए मौसम विभाग की ओर से अलर्ट जारी किया गया था। प्रशासन ने जलभराव वाले इलाकों में निगरानी बढ़ाई और स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास किए। एयरपोर्ट पर जलभराव की घटना के बाद सोशल मीडिया पर भी लोगों ने अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दीं। कुछ लोगों ने जल निकासी व्यवस्था पर सवाल उठाए, जबकि कुछ ने इसे भारी बारिश के कारण उत्पन्न अस्थायी स्थिति बताया। फिलहाल एयरपोर्ट प्रशासन और संबंधित एजेंसियां स्थिति सामान्य करने में जुटी हैं। वहीं, अभिजीत दीपके की टिप्पणी के बाद इस मुद्दे पर राजनीतिक बहस भी तेज हो गई है।
