उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन पहुंचे रायपुर, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद

रायपुर: उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन आज रायपुर पहुंच गए हैं. एयरपोर्ट पर राज्यपाल रमेन डेका, डिप्टी सीएम विजय शर्मा समेत प्रदेश के मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया. रायपुर पहुंचने के बाद उपराष्ट्रपति एयरपोर्ट से सीधे AIIMS रायपुर के लिए रवाना होंगे. यहां वे AIIMS के तीसरे दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे.

देखें मिनट-टू-मिनट शेड्यूल

सुबह 10:00 बजे: विशेष विमान से रायपुर एयरपोर्ट पर आगमन एवं स्वागत।

सुबह 10:45 बजे: एम्स (AIIMS) परिसर, रायपुर पहुंचे।

सुबह 11:00 बजे से 12:30 बजे: एम्स रायपुर के तीसरे दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भागीदारी, उपाधि वितरण एवं संबोधन।

दोपहर 12:30 बजे: एम्स परिसर से रायपुर एयरपोर्ट के लिए रवानगी।

दोपहर 01:30 बजे: विशेष विमान से नई दिल्ली के लिए प्रस्थान।

समारोह में शामिल प्रमुख अतिथि

उपराष्ट्रपति के अलावा केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल के साथ ही एम्स के अध्यक्ष प्रो. डॉ. संजीव हांडा, एम्स गुवाहाटी के प्रो. अशोक पुरानिक एवं एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल नरेंद्र कोतवाल के साथ ही केंद्र के पीएमएसवाय डायरेक्टर सचिन कुमार विशेष रुप से कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे. इनके अलावा राज्यपाल रेमन डेका और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल भी समारोह में रहेंगे.

मरीजों और आम नागरिकों के लिए ट्रैफिक व एंट्री गाइडलाइन

शहर के सरोना रिंगरोड से टाटीबंध चौक तक उपराष्ट्रपति के दौरे के मद्देनजर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है. रिंग रोड नंबर 1 में बैरिगेड्स लगाए गए हैं. वहीं नियमित ओपीडी में इलाज के लिए आने वाले मरीजों को गेट नंबर 1 से ही आवाजाही करनी होगी. मरीज और उनके परिजन गेट नंबर 3 से भी ओपीडी के लिए आना-जाना कर सकते हैं, लेकिन गेट नंबर 1 में पार्किंग का इंतजाम होने के कारण रजिस्ट्रेशन काउंटर पहुंचने के लिए मरीजों को दूर तक पैदल चलकर जाना होगा.

ट्रामा-इमरजेंसी जाने के लिए पहले की तरह गेट नंबर 2 का ही उपयोग होगा. रजिस्ट्रेशन काउंटर के लिए मरीज पहले 4 गेट नंबर से जाते थे, यह 2 सितंबर को सुबह से ही वीआईपी मूवमेंट के चलते आमनागरिकों के लिए बंद रखा जाएगा. यही स्थिति गेट नंबर 5 की भी रहेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *