छत्तीसगढ़

रायपुर: छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदला; 20 अक्टूबर को हल्की बारिश के आसार, इसके बाद गिरेगा रात का पारा

रायपुर: छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज अगले दो दिनों तक बदला रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में 19 और 20 अक्टूबर को एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने के भी आसार हैं। खासकर बस्तर और सुकमा जिले में 20 अक्टूबर को मौसम प्रभावित हो सकता है। इसके बाद 21 से 25 अक्टूबर तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। इस अवधि के लिए बारिश को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव होने की संभावना नहीं है। इसके बाद रात के तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इससे सुबह और रात के समय हल्की ठंड महसूस होने लगेगी। हालांकि, दिन के तापमान में फिलहाल बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं।

सोमवार को राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। रायपुर के लालपुर मौसम केंद्र में अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 1.5 डिग्री सेल्सियस ज्यादा दर्ज किया गया। वहीं, राजधानी में न्यूनतम तापमान 24.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.8 डिग्री अधिक है। इससे साफ है कि दिन के साथ-साथ रात में भी अभी सामान्य से ज्यादा गर्मी बनी हुई है।

प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 16.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा पेंड्रारोड में न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री और दुर्ग में 21.5 डिग्री सेल्सियस रहा। आने वाले दिनों में रात के तापमान में गिरावट से प्रदेश के कई इलाकों में ठंड का अहसास बढ़ सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरी तमिलनाडु तट के पास दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। यह समुद्र तल से लगभग 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला है। इससे जुड़ी द्रोणिका उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक सक्रिय है। हालांकि, इस मौसमी सिस्टम के कारण छत्तीसगढ़ में व्यापक बारिश होने की संभावना नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *